Jun 13, 01:13 am, देहरादून। नदियों में बढ़ रही गाद से विद्युत परियोजनाओं को बचाने के लिए जल विद्युत निगम ने मनेरी भाली फेज-1 तथा फेज-2 में आज फ्लेशिंग कार्य किया, जिससे इन दोनों परियोजनाओं में करीब आठ घंटे उत्पादन ठप रहा।
भागीरथी नदी पानी के साथ अधिक गाद के लिए अपनी पहचान रखती है। जल विद्युत निगम के एमडी आरपी थपलियाल के अनुसार भागीरथी नदी पर स्थित मनेरी भाली फेज-1 तथा फेज-2 परियोजनाओं की सुरक्षा के लिए इन में फ्लेशिंग करना जरूरी था। फेज-1 में फ्लेशिंग के लिए सुबह दस बजे से उत्पादन बंद किया गया। शाम करीब पांच बजे इस परियोजना में उत्पादन फिर शुरू हो गया था। उन्होंने बताया कि फेज-2 में सुबह ग्यारह बजे से उत्पादन ठप हुआ। इस परियोजना में अभी गाद आने के कारण उत्पादन शुरू नहीं किया जा सका। उन्होंने बताया कि आज ही फेज-2 में भी उत्पादन शुरू कर दिया जाएगा। श्री थपलियाल ने बताया कि मनेरी भाली फेज-1 में अभी 90 मेगावाट विद्युत उत्पादन हो रहा है, जबकि फेज-2 में इस समय करीब ढाई सौ मेगावाट उत्पादन हो रहा है। इन दोनों परियोजनाओं की सुरक्षा की दृष्टि से उठाए गए इस कदम से करीब आठ घंटे से अधिक उत्पादन बंद रहा। उन्होंने बताया कि जल विद्युत निगम की अन्य किसी इकाई में अभी फ्लेशिंग करने की स्थिति नहीं आई है।
Source: Jagaran.com
No comments:
Post a Comment