Tuesday, June 24, 2008

ग्लेशियर टूटने से सात यात्रियों की मौत

Jun 24, देहरादून। हेमकुंड साहिब से मत्था टेक कर वापस लौट रहे सिख तीर्थ यात्रियों पर ग्लेशियर टूटने से सात की मौत हो गई और कम से कम आठ यात्री घायल हो गए, जिनकी हालत गंभीर बताई गई है। सेना तथा आईटीबीपी के साथ स्थानीय प्रशासन बचाव एवं राहत कार्य में जुटा है।
सीमांत तहसील जोशीमठ की एस डी एम निधि यादव से मिली जानकारी के अनुसार गत सांय 4320 मीटर ऊंचाई पर स्थित हेमकुंड साहिब गुरुद्वारे से मत्था टेक कर लौट रहे पंजाब के तीर्थ यात्रियों के झुंड पर गुरुद्वारे से लगभग एक किमी नीचे लगभग चार हजार मीटर की ऊंचाई पर अचानक ग्लेशियर के टूट पड़ने से कम से कम छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि लगभग एक दर्जन यात्री घायल हो गए। घायलों में से एक यात्री ने मंगलवार की सुबह जोशीमठ हैलीपैड पर अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। दो घायलों को जोशीमठ स्थित सेना के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पांच को हैलीकाप्टर से देहरादून के जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल भेजा गया।
निधि के अनुसार जोशीमठ तक इस हादसे की सूचना मिलते ही वह सेना, पुलिस तथा आईटीबीपी के दल के साथ गत सांय ही घांघरिया के लिए रवाना हो गई थी। रात को ही जोशीमठ से डाक्टरों तथा राज्य में आपातकालीन बचाव सेवा देने वाली संस्था ईएमआरआई की टीमें भी भेज दी गई थी। मगर रात होने के कारण बचाव अभियान पूरा नहीं चल सका।
निधि ने बताया कि मंगलवार सुबह छह बजे ही सेना तथा आईटीबीपी के दो हैलीकाप्टरों को बचाव एवं राहत कार्य में लगा दिया गया था। उन्होंने बताया कि आज प्रात: सभी घायलों तथा शवों को हैलीकाप्टरा ें से जोशीमठ लाया जा चुका है। जबकि बर्फ में और लोगों के दबे होने की आशंका में बचाव दल ग्लेशियर की बर्फ खंगाल रहे हैं। उन्होंनें कहा कि पूछताछ से लगता है कि अब वहां कोई शव नहीं है।
इस हादसे की सूचना राज्य प्रशासन ने पंजाब सरकार को दे दी है। इस यात्रा सीजन में यह दूसरा ग्लेशियर दुर्घटना है। इससे पहले मई में गौगुख के निकट ग्लेशियर टूटने से एक साधु की मौत हो गई थी तथा नौ अन्य घायल हो गए थे।
Source:http://in.jagran.yahoo.com/news/national/mishap/5_23_4572271.html

No comments: