प्रदेश में आगामी दिसंबर माह में देश-विदेश के एडवेंचर टूर आपरेटर जुटेंगे। हिमालयी रेंज में दिलचस्पी रखने वाले आपरेटर एक दिनी मार्ट में भाग लेंगे और उत्तराखंड के भीतर नई रेंज की सैर भी करेंगे। पर्यटन मंत्रालय तमाम टूर आपरेटर्स को आमंत्रित कर ट्रेवल मार्ट में सूबे की छवि निखारना चाहता है। उत्तराखंड के पर्यटन प्रोडक्ट का प्रचार प्राइवेट टूर आपरेटर्स करेंगे। दरअसल, देश-विदेश में आयोजित होने वाले ट्रेवल मार्ट में पर्यटन से जुड़े महकमों का प्रदर्शन प्राइवेट आपरेटर्स की तुलना में पिछड़ा रहा है। आपरेटर्स पैकेज टूर के जरिए देशी-विदेशी पर्यटकों को हिमालय की ओर बखूबी खींच रहे हैं। साथ ही विभिन्न हिमालयी राज्यों में काम करने का उनका अनुभव उत्तराखंड के सुंदर और रोमांच से भरपूर ट्रेकों पर पर्यटकों को खींच सकता है। राज्य के कई बेहतरीन पर्यटक स्थल अभी पर्यटन मानचित्र पर स्थान नहीं बना पाए हैं। पयर्टन मंत्री प्रकाश पंत ने बताया कि एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने को प्राइवेट टूर आपरेटर्स मार्ट दिसंबर में दून में आयोजित किया जाएगा। आपरेटर्स की तादाद और उनकी रुचि जानने के बाद एक दिनी मार्ट को दो-तीन दिन तक बढ़ाया जा सकता है। मार्ट में भाग लेने वाले आपरेटरों को परिचयात्मक भ्रमण कार्यक्रम के तहत सूबे के कई स्थानों की सैर कराई जाएगी। हिमालयी रेंज के प्रति आकर्षण रखने वाले विदेशी टूर आपरेटर्स को भी मार्ट में बुलाया जाएगा। गढ़वाल मंडल में आपरेटर्स को सैर कराने की जिम्मेदारी जीएमवीएन व कुमाऊं मंडल में यह जिम्मेदारी केएमवीएन को दी गई है। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों व ट्रेक रूट्स का नियोजित ढंग से प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
No comments:
Post a Comment